News

खाट पर बैठकर सुनीं समस्याएं, बोले सरकार अब मैदान में करेगी काम – धामी

हरिद्वार-16 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आर्यनगर (गाजीवाली), श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत मुख्य सेवक की चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पारंपरिक खाट पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनते नजर आए, जिससे कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।

ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को पगड़ी पहनाकर सर्वमान्य प्रतिनिधि के रूप में चौपाल में बैठाया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार अब केवल फाइलों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि मैदान में उतरकर जनता की समस्याओं का समाधान करेगी। उन्होंने कहा कि यह चौपाल औपचारिकता नहीं, बल्कि जवाबदेही का सशक्त मंच है, जिसका उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है ताकि लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।

कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, सिंचाई और राजस्व से जुड़ी समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी जनसमस्या लंबित नहीं रहनी चाहिए। जिलाधिकारी को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले डेढ़ माह में इस अभियान के तहत प्रदेशभर में पांच लाख से अधिक शिकायतें सुनी गई हैं। पहले यह अभियान 45 दिनों के लिए तय था, लेकिन व्यापक जनभागीदारी को देखते हुए इसे 20 दिन और बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रमाण पत्र घर जाकर बनाने की व्यवस्था की जा रही है।

युवाओं के रोजगार पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। साथ ही स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयास जारी हैं। किसानों के हितों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि उत्पादों के उचित मूल्य और आधुनिक तकनीक के प्रसार पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सामाजिक समरसता और समानता को मजबूत करेगा।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, श्यामवीर सैनी, देशराज पवार, जयप्रकाश सिंह चौहान, शोभाराम प्रजापति, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन और संवाद शैली ने ग्रामीणों को प्रभावित किया। बड़ी संख्या में लोग चौपाल में उमड़े और सरकार की इस पहल को सराहा।