डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच मुख्यमंत्री से वार्ता, मांगों के समाधान को बनेगी सब-कमेटी

देहरादून। 10 अप्रैल 2026
प्रदेश में चल रही डिप्लोमा इंजीनियर्स की हड़ताल के बीच उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में भेंट कर अपनी मांगों पर विस्तृत चर्चा की।
महासंघ के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष 27 सूत्रीय मांगपत्र प्रस्तुत किया, जिसमें पदोन्नति, वेतनमान और पुरानी पेंशन व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि सरकार उनकी मांगों के प्रति सकारात्मक है और सभी बिंदुओं का समुचित परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मांगों के समाधान के लिए एक सब-कमेटी का गठन किया जाएगा, जो संबंधित विषयों का अध्ययन कर शीघ्र अपनी रिपोर्ट देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार संवाद और समन्वय के माध्यम से समस्याओं का समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इंजीनियर्स महासंघ से जनहित को ध्यान में रखते हुए सहयोगात्मक रुख अपनाने और वार्ता प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, पंकज कुमार पांडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

