प्रतिबंधित घाट पर नहाते समय गंगा में बहा युवक, एसडीआरएफ का सर्च अभियान जारी

Lok Kesari News
ऋषिकेश। 9 मई 2026
लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास शनिवार सायं लगभग 4 बजे एक युवक के गंगा नदी में डूबने की सूचना मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया गया।
एसडीआरएफ टीम द्वारा गंगा नदी में डीप डाइवर उतारे गए हैं तथा सभी संभावित स्थानों पर युवक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस एवं जल पुलिस भी मौजूद रही और संयुक्त रूप से राहत एवं खोज अभियान चलाया गया। समाचार लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया हुआ था। इसी दौरान वह अपने एक साथी के साथ नहाने के लिए नदी किनारे पहुंचा। बताया गया कि जिस स्थान पर दोनों युवक स्नान कर रहे थे, वह प्रतिबंधित घाट क्षेत्र है। नहाते समय युवक अचानक गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में बह गया।
डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई है। युवक के पास मिले परिचय पत्र के अनुसार वह श्रीरंगमलक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय का छात्र था।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा नदी के प्रतिबंधित एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
