Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से बदलेगी गांवों की तस्वीर, मातृशक्ति को नई उड़ान



देहरादून में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना चौपाल-2026 का शुभारंभ, राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा

देहरादून

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना चौपाल-2026 का शुभारंभ करते हुए उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली मातृशक्ति को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तराखंड ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत तैयार सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री का विमोचन भी किया तथा देहरादून में राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित उद्यमों को सशक्त बनाना, युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है। योजना के माध्यम से अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों को सहयोग दिया जा चुका है, जबकि 8 हजार से अधिक मातृशक्ति को उद्यमिता से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति अपने हुनर, मेहनत और लगन से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने के साथ ही उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है। प्रदेश की 3 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि अवसर और सहयोग मिलने पर महिलाएं गांवों की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल सकती हैं।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, भारत सिंह चौधरी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ और विधायक सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।