मुख्यमंत्री धामी ने मां बाल सुंदरी मंदिर में की पूजा, चैती मेले में विकास की घोषणा

काशीपुर/ 30 मार्च 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को काशीपुर स्थित मां बाल सुंदरी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और चहुंमुखी विकास की कामना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में आयोजित भजन संध्या का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चैती मेला कोष से मंदिर के सौंदर्यीकरण और परिसर के विकास की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने चैती मेले को लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं का जीवंत महोत्सव बताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर तेजी से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि 133 एकड़ में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर पार्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें 16 औद्योगिक इकाइयों का आवंटन हो चुका है। साथ ही काशीपुर-रामनगर राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए ₹494 करोड़, मिनी बाईपास निर्माण, तथा पेयजल, सीवरेज और सड़क सुधार सहित लगभग ₹1,950 करोड़ की परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चैती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे प्रमुख आध्यात्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। उन्होंने प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगारोधी कानून लागू किए जाने का भी उल्लेख किया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।

