शराब के नशे में श्रद्धालुओं को ले जा रहा चालक गिरफ्तार, वाहन सीज

Lok Kesari News
ऋषिकेश/9 मई 2026
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ टिहरी पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मुनि की रेती पुलिस ने शराब के नशे में टेम्पो ट्रैवलर चला रहे चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चालक 25 श्रद्धालुओं को लेकर केदारनाथ धाम जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर मेडिकल परीक्षण कराने पर उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया तथा वाहन को सीज कर दिया।
पुलिस द्वारा सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित रूप से केदारनाथ के लिए रवाना किया गया।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे में वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि कई लोगों की जान जोखिम में डालने जैसा है। यात्रा मार्गों पर इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

