20 अप्रैल तक पूरी हों केदारनाथ यात्रा की सभी तैयारियां : गणेश जोशी

रुद्रप्रयाग, 11 अप्रैल2026
प्रदेश के कृषि एवं जनपद रुद्रप्रयाग के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को रुद्रप्रयाग पहुंचकर 22 अप्रैल से शुरू होने वाली केदारनाथ धाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 अप्रैल तक सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी कर ली जाएं।
प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, सड़क मरम्मत, पैचवर्क, डामरीकरण, क्रैश बैरियर, रोड मार्किंग और साइनेज से जुड़े कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, रैन शेल्टर, नेटवर्क कनेक्टिविटी और आपात सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालन के लिए पंजीकरण, बीमा और पशु चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली गई।
प्रभारी मंत्री ने यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था, शौचालयों की उपलब्धता, कूड़ा प्रबंधन और महिला शौचालयों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ यात्रा के लिए अब तक 4.50 लाख से अधिक श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। सभी विभागों को ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा क्षेत्र को 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा आपदा प्रबंधन के लिए एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तैनात रहेंगी।

