”5 करोड़ की लागत, 42 आधुनिक कमरे: विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को सौंपी भव्य धर्मशाला की सौगात”

हरिद्वार /30मार्च 2026
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सोमवार को हरिपुर के समीप भूपतवाला क्षेत्र में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 42 कमरों वाली आधुनिक धर्मशाला का विधिवत लोकार्पण किया। श्रीगंगा इंटरनेशनल ट्रस्ट, हरिद्वार द्वारा निर्मित यह धर्मशाला सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त है।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. अग्रवाल ने कहा कि लगभग तीन वर्ष पूर्व, जब वे कैबिनेट मंत्री के पद पर आसीन थे, तब उन्होंने इस सेवा प्रकल्प का भूमि पूजन किया था। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि आज यह निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए तैयार है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि हरिद्वार और ऋषिकेश विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। यहाँ पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में यात्री पहुँचते हैं। अक्सर पीक सीजन के दौरान यात्रियों को ठहरने में असुविधा होती थी, जिसे देखते हुए यह धर्मशाला एक मील का पत्थर साबित होगी। यह परियोजना यात्रियों को सुलभ और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने धर्मशाला निर्माण के लिए भूमि दान करने वाले दानदाताओं और इस पुनीत कार्य में श्रम व धन से सहयोग करने वाले प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित भी किया।
समारोह में श्रीगंगा इंटरनेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश कुमार गुप्ता, महामंत्री श्यामलाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष महावीर प्रसाद गर्ग, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरभान बंसल, विनय जिंदल, सुबोध जिंदल, ईश्वर चंद्र अग्रवाल, श्रीमती सुशीला देवी, कुसुम बंसल, सतीश कुमार गर्ग, रामकुमार गर्ग, अनुज गुप्ता और अनिल कुमार गुप्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

