चारधाम यात्रा: तपोवन में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने मैदान में उतरीं एसएसपी श्वेता चौबे

Lok Kesari News
ऋषिकेश। 26 अप्रैल 2026
चारधाम यात्रा के मद्देनज़र तपोवन क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी श्वेता चौबे ने मुनि की रेती से तपोवन तक निरीक्षण करते हुए यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके।
एसएसपी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यातायात सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए तपोवन सहित प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें एवं प्रशासन का सहयोग करें, जिससे यात्रा सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

