शातिर तीन चोर पुलिस के हत्थे चढ़े, तीन बाइक व दो मोबाइल बरामद

हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र में 3 दिन पहले दुकानदार का मोबाइल फोन चोरी कर ले जाने वाले बाइक सवार तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के कब्जे से चोरी की गई तीन मोटरसाइकिल व चोरी किए गए दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ करने के बाद आरोपितों का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया । तीनों मोटरसाइकिल अलग-अलग क्षेत्र से चोरी की गई थी। बरामद मोटरसाइकिल की संबंधित थानों में सूचना दे दी है ।
नगर कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया 18 जनवरी को ललतारो पुल स्थित दुकानदार जयराम पुत्र सीताराम निवासी श्यामपुर कांगड़ी से मोटरसाइकिल सवार तीन युवक मोबाइल फोन चोरी कर ले गए थे। दुकानदार ने मोटरसाइकिल का नंबर पुलिस को देख कर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाइक नंबर सभी पुलिस चौकी व सहयोगी कर्मियों को देकर तलाशी अभियान चलाया हुआ था। चेकिंग के दौरान भगत सिंह चौक के पास से औद्योगिक क्षेत्र को आते हुए दुकानदार से मोबाइल फोन छीनने वाले युवक आते हुए दिखाई दिए । घेराबंदी कर युवकों को रोक लिया तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दुकानदार का चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। कोतवाली लाकर पूछताछ करने पर आरोपितों के कब्जे से बरामद मोटरसाइकिल भी चोरी की बताई।जिसे उन्होंने उस समय पहले सिडकुल क्षेत्र से चोरी किया था। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपितों से गहन पूछताछ की गई तो उन्होंने खुलासा किया कि कुछ समय पहले उन्होंने ऋषिकेश व रानीपुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की थी और उनके कब्जे से बरामद दूसरा मोबाइल फोन भी ऋषिकेश क्षेत्र से चोरी किया गया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई दो मोटरसाइकिल बरामद हुई जो उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र स्थित झाड़ियों के पास सुनसान क्षेत्र में खड़ी की गई थी। तीनों मोटरसाइकिल लेकर वह अपने घर जा रहे थे इससे पहले पकड़े गए।
पूछताछ में अपने नाम हेमेंद्र पुत्र दिनेश कुमार निवासी ग्राम शहजादपुर नांगल सोती बिजनौर पंकज पुत्र सुनील कुमार निवासी बाबरपुर चांदपुर बिजनौर, हिमांशु चौधरी पुत्र सत्यपाल चौधरी निवासी किरतपुर बिजनौर उत्तर प्रदेश बताया।
आरोपितों के बारे में संबंधित थाने को जानकारी देकर अपराधिक इतिहास के बारे में पता किया जा रहा है। सभी का मेडिकल कराने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
