News

चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम में हल्द्वानी पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, धामी सरकार के कामों की सराहना


हल्द्वानी। 21 मार्च 2026

उत्तराखण्ड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के अंतर्गत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति तथा स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखण्ड के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि यह देवभूमि आस्था, अध्यात्म और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग सौम्य, मेहनती और राष्ट्रभक्ति की भावना से ओतप्रोत हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ काम कर रही है और विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से निर्णय लिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर चुका है और यह यात्रा संघर्ष, बलिदान और विकास की रही है। राज्य में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के साथ-साथ बिजली उत्पादन, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्रों में लगातार कार्य हो रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। छोटा राज्य होने के बावजूद यहां विकास के कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और राज्य की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है।
उन्होंने राज्य सरकार के प्रमुख फैसलों—समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई और सीमांत गांवों के विकास—को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य है जिसने यूसीसी लागू कर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया है।
अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता बनाए रखना जरूरी है और इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सीमांत क्षेत्रों के विकास और पलायन रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर कार्य कर रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में उत्तराखण्ड में निवेश, पर्यटन, आधारभूत ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से राज्य में बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं और स्टार्टअप तथा उद्योगों की संख्या में वृद्धि हुई है। महिलाओं के सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास तथा वन्यजीव संरक्षण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।