News

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत अभियान शुरू

जयपुर/ 28 मार्च

प्रदेश में शहरों की तर्ज पर ही ग्रामीण अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण एवं सड़क तंत्र के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर यूटिलिटी कार्यों से खराब हुई ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के मरम्मत कार्य शनिवार (28 मार्च) से प्रारम्भ कर दिए गए हैं। सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा प्रथम दिन सैकड़ों ग्रामीण क्षेत्रों में मरम्मत कार्य किए गए हैं।

आमजन को राहत प्रदान करते हुए बाड़मेर, जालोर, डीग, जैसलमेर, अलवर, डूंगरपुर, कोटपूतली, हनुमानगढ़, जोधपुर, भीलवाड़ा, उदयपुर इत्यादि जिलों में सिंचाई लाइनों व पेयजल लाइनों के कारण हुई रोड कटिंग की मरम्मत की गई है। इसकी प्रभावी निगरानी हेतु जिला कलक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलक्टर, उपखण्ड अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शर्मा के निर्देश पर शहरी क्षेत्रों में भी यूटिलिटी लाइनों के कार्य से प्रभावित सड़कों को पुनः सुचारू एवं मोटरेबल स्थिति में लाने के लिए मरम्मत कार्य किए गए हैं। इसी को आगे बढ़ाते हुए अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी सड़कों की मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुगम एवं सुलभ आवागमन मिलने के साथ ही सड़क हादसों में भी कमी आएगी।