News

ऋषिकेश के राजकीय चिकित्सालय में मंत्री सुबोध उनियाल की दबिश, व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा


देहरादून | 30 मार्च 2026

स्वास्थ्य एवं वन मंत्री सुबोध उनियाल ने सोमवार को ऋषिकेश स्थित शांति प्रपन्न शर्मा राजकीय चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं व व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को स्वच्छ और बेहतर वातावरण मिल सके।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि अस्पताल में आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को अनावश्यक रूप से अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया, तो इसे गंभीर लापरवाही माना जाएगा और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ मिलें। इसी उद्देश्य के साथ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।