चम्पावत में बन रहा ₹55 करोड़ का आधुनिक साइंस सेंटर, सीएम धामी ने किया निरीक्षण

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चम्पावत दौरे के दौरान लगभग ₹55.52 करोड़ की लागत से बन रहे अत्याधुनिक साइंस सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित वैज्ञानिक गैलरियों और चार मंजिला कैंपस का अवलोकन किया। इस परिसर में 40 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य सुविधाएं भी बनाई जा रही हैं, जिससे यह केंद्र विद्यार्थियों के लिए आवासीय वैज्ञानिक शिक्षा का महत्वपूर्ण स्थान बनेगा।
यूकॉस्ट के महानिदेशक डॉ. दुर्गेश पंत ने बताया कि साइंस सेंटर में फन साइंस गैलरी, प्रदर्शनी कक्ष, विज्ञान और कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और आधुनिक एस्ट्रोनॉमी गैलरी बनाई जा रही है। इसके अलावा यहां 120 सीटों का ऑडिटोरियम और 71 सीटों वाला आधुनिक प्लैनेटेरियम (तारामंडल) भी तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साइंस सेंटर प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का बड़ा केंद्र बनेगा। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान और खगोल विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के छात्रों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडलों को भी देखा और बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, जिलाधिकारी मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, सीडीओ कृष्णनाथ गोस्वामी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

