News

1 लाख का इनामी फरार आरोपी ऋषिकेश से गिरफ्तार

ऋषिकेश, 01 अप्रैल 2026

ऋषिकेश पुलिस ने टिहरी पुलिस और उड़ीसा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए ₹1 लाख के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है।

आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी राजा साहनी पुत्र महेश साहनी, निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय (बिहार) है। वह उड़ीसा के कटक जिले के चौदवार थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था। बताया गया कि 2 अक्टूबर 2025 को वह कटक जिला कारागार से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान जेल तोड़कर फरार हो गया था, जिसके बाद उड़ीसा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर ₹1 लाख का इनाम घोषित किया था।

उड़ीसा पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट क्षेत्र में गोल्डन रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में देखा गया है। सूचना मिलने पर उड़ीसा पुलिस की टीम ऋषिकेश पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर संयुक्त टीम बनाई गई।

पुलिस ने नटराज चौक से टिहरी जाने वाले मार्ग पर सुमन पार्क के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर बैठे व्यक्ति की पहचान राजा साहनी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे दोपहर करीब 2:10 बजे गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी को कोतवाली ऋषिकेश लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आगे की कार्रवाई के लिए उसे उड़ीसा पुलिस को सौंपा जाएगा।