देहरादून में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, मुख्यमंत्री ने जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार का किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के तहत 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास और सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के संकल्प के साथ काम कर रही है। देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से शहरों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून को आधुनिक शहर बनाने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर काम चल रहा है। शहर में कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक ट्रांसफर स्टेशन, कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा 35 नए पार्क विकसित किए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होने से आवागमन और तेज होगा। साथ ही ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना भी तैयार की जा रही है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

