Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

प्रधानमंत्री मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून में तैयारियां तेज, डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण

देहरादून/ 4 अप्रैल 2026


देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड तक सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए सड़क मार्ग पर सभी आवश्यक सुधार कार्य जल्द से जल्द पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, सड़क पर पैचवर्क, दीवारों के रंग-रोगन और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सड़क किनारे पड़े मलवे की सफाई कर पूरे मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने तथा क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को ठीक कराने के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।