सरस्वती विद्या मंदिर में बैसाखी व अंबेडकर जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दिए प्रेरक संदेश

ऋषिकेश। 13 अप्रैल 2026
आवास विकास स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बैसाखी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. अंबेडकर के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बैसाखी के महत्व एवं बाबा साहेब के आदर्शों पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. डी.के. श्रीवास्तव को विद्यालय प्रबंधन द्वारा बैज अलंकृत कर एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में डॉ. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को आयुर्वेद से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए अनुशासित जीवनशैली, संतुलित आहार और प्राकृतिक उपायों को अपनाने पर बल दिया। उन्होंने जड़ी-बूटियों के महत्व को भी रेखांकित किया।
विद्यालय के व्यवस्थापक प्रो. गौरव वार्ष्णेय ने कहा कि बैसाखी हमें मेहनत, समर्पण और धैर्य का संदेश देती है, जो सफलता की कुंजी है। वहीं वाइस प्रिंसिपल डॉ. नागेन्द्र पोखरियाल ने बैसाखी को हमारी संस्कृति, परंपरा और एकता का प्रतीक बताया।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, जागरूकता और प्रेरणा का संचार करते हैं। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रामगोपाल रतूड़ी ने किया।
इस दौरान सतीश चौहान, नन्द किशोर भट्ट, वीरेन्द्र कंसवाल, यशोदा भारद्वाज, मीनाक्षी उनियाल, रविन्द्र सिंह परमार सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उल्लास एवं देशभक्ति के माहौल के साथ हुआ।

