सीडीएस जनरल अनिल चौहान पहुंचे बद्रीनाथ धाम, चारधाम यात्रा तैयारियों का लिया जायजा

➡️ मंदिर परिसर का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्थाओं की ली जानकारी
➡️ पुलिस अधिकारियों ने दी यात्रा प्रबंधन की विस्तृत प्रस्तुति
Lok Kesari News
बद्रीनाथ।16 अप्रैल 2026
देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान आज श्री बद्रीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर परिसर का भ्रमण कर आगामी चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों का जायजा लिया।
अपने दौरे के दौरान सीडीएस ने धाम में व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। इस अवसर पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने उन्हें यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध रूप से संचालित करने हेतु बनाए गए ट्रैफिक प्लान, सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से संबंधित तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर स्तर पर व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीडीएस जनरल अनिल चौहान ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
उल्लेखनीय है कि चारधाम यात्रा के मद्देनजर उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां जारी हैं और प्रशासन इसे सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।

