गैस संकट पर भड़के कांग्रेस कार्यकर्ता, समय पर आपूर्ति की उठाई मांग

Lok Kesari News
हरिद्वार। 16 अप्रैल 2026
शहर में रसोई गैस की किल्लत को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व सभासद अशोक शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला पूर्ति अधिकारी से मुलाकात कर उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इस दौरान अशोक शर्मा ने कहा कि गैस सिलेंडर की कमी के चलते घरेलू उपभोक्ता, होटल संचालक और ढाबा व्यवसायी सभी परेशान हैं। बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विवाह समारोहों के लिए भी गैस उपलब्ध नहीं हो पा रही, ऐसे में कम से कम 10 सिलेंडर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब आम उपभोक्ता एक सिलेंडर के लिए परेशान है तो बड़े आयोजनों के लिए गैस की आपूर्ति कैसे हो रही है। आगामी चारधाम यात्रा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत गैस आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।
यशवंत सैनी, रकित वालिया और दिनेश दूबे ने भी कहा कि बुकिंग के बावजूद गैस समय पर नहीं मिल रही, जिससे गृहणियां सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने गैस एजेंसियों पर मनमानी का आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की।
पार्षद सुनील कुमार, जतिन हांडा, रविश भटीजा, सुंदर मनवाल और तेजप्रकाश साहू ने गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर रोक लगाने की मांग की। वहीं महिला कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लता जोशी और विमला पांडेय ने कहा कि गैस की कमी से घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है और बच्चों के लिए नाश्ता तैयार करने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
नितिन तेश्वर, दिव्यांश अग्रवाल, सुहेल कुरैशी और पार्षद नोमान अंसारी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

