ऑपरेशन प्रहार का वार: फायरिंग करने वाला बदमाश कुछ ही मिनटों में गिरफ्तार

Lok Kesari News
देहरादून/ 17 अप्रैल 2026
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच देर रात दून पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई, जिसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस कंट्रोल रूम को हर्रावाला क्षेत्र में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार के घूमने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए फरार हो गया।
पुलिस ने तत्काल पीछा किया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में हरिद्वार की ओर भागता रहा। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर घेराबंदी कर दी गई।
पीछा करते हुए पुलिस टीम ने वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन कुआंवाला के पास कार एनएच बोर्ड से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली जा लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ पुत्र मौसमनाथ निवासी घिस्सुपुरा, पथरी (हरिद्वार) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर अपराधी है और उस पर चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह डोईवाला और रानीपोखरी थाना क्षेत्रों में वांछित चल रहा था।
मौके से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जबकि घटना में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

