अचानक बदला मौसम, ऋषिकेश में तेज आंधी- तूफान

ऋषिकेश/ 3 भी 2026
देवभूमि के प्रवेश द्वार ऋषिकेश और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अचानक बदले मौसम ने भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी और धूलभरी हवाओं के चलते गुमानीवाला क्षेत्र में एक विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़कर रेलवे ट्रैक के पास गिर गया, जिससे 25 हजार वोल्ट की ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन टूट गई। इस घटना के बाद रेल संचालन पूरी तरह बाधित हो गया और कम से कम दो ट्रेनों को देरी का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे अचानक मौसम बिगड़ा और तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार छा गया। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर खड़ा दशकों पुराना पेड़ गिरकर सड़क और रेलवे ट्रैक दोनों के लिए मुसीबत बन गया। पेड़ गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए।
रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ओएचई लाइन को ठीक करने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि ऋषिकेश आने वाली पैसेंजर ट्रेन और योगनगरी एक्सप्रेस प्रभावित हुई हैं।
सड़क पर जाम, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
पेड़ गिरने से मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। दोपहिया वाहन चालक किसी तरह किनारे से निकलते नजर आए, जबकि चारपहिया वाहनों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। बाद में प्रशासन ने पेड़ को काटकर रास्ता साफ किया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
बिजली और संचार व्यवस्था प्रभावित
पेड़ गिरने का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा। हाईवोल्टेज तार टूटने से क्षेत्र में तत्काल बिजली गुल हो गई। गिरते पेड़ के दबाव से पास के दो बिजली के खंभे भी झुक गए। विद्युत विभाग के अनुसार फिलहाल अस्थायी रूप से सप्लाई बहाल की गई है, जबकि एक ट्रांसफार्मर अभी बंद है।
श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से कटर मशीनों की मदद से पेड़ को हटाया गया। विद्युत विभाग के लाइनमैन भी तारों को जोड़ने और व्यवस्था बहाल करने में जुटे रहे।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही जल्द ही रेल और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य करने का भरोसा दिया है।
