चारधाम यात्रा के चलते परिवहन विभाग ने चलाया चैकिंग अभियान

ऋषिकेश/ 3 मई 2026
चारधाम यात्रा सीजन को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उप संभागीय परिवहन विभाग ऋषिकेश द्वारा 2 मई और 3 मई 2026 को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
इस दौरान प्रवर्तन दल एवं इंटरसेप्टर टीम ने संयुक्त रूप से करीब 58 वाहनों के चालान किए। जांच में पाया गया कि 17 निजी वाहन अवैध रूप से व्यावसायिक उपयोग में संचालित हो रहे थे, जिन पर कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों को कार्यालय परिसर में निरुद्ध किया गया।
अभियान के तहत उत्तराखंड राज्य के भीतर सवारी भरते पाए गए अन्य राज्यों के पांच वाहनों के परमिट के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया गया।
वहीं, आईएसबीटी ऋषिकेश पर एक मैक्सी वाहन, जो सुबह 3 बजे पहुंचने के बाद दोबारा सोनप्रयाग के लिए रवाना होने की तैयारी में था, उसे भी पकड़कर निरुद्ध किया गया। संबंधित ट्रैवल एजेंसी को नोटिस जारी कर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की जा रही है।
इस विशेष अभियान में बाइक स्क्वायड के सदस्य रमेश चंद्र पंत, परमेंद्र कोहली, आदर्श कुमार एवं श्री अमन कुमार ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम यात्रा के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

