Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूननारी शक्तिस्वास्थ

योग प्रतिभा अनुष्का मिश्रा का अंतरराष्ट्रीय मंच पर परचम, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने किया सम्मानित

Lok Kesari News

ऋषिकेश। 11 मई 2026

योग के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाली अनुष्का मिश्रा को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने पर सम्मानित किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अनुष्का मिश्रा ने अपने अथक परिश्रम, लगन और समर्पण से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में योग को विश्व स्तर पर नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित होने के बाद आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है और इसके लाभ से लाभान्वित हो रही है।
उन्होंने अपने विधानसभा अध्यक्ष कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि “करो योग, रहो निरोग” के संदेश को आत्मसात करते हुए प्रत्येक माह की 21 तारीख को विधानसभा में योग को अनिवार्य किया गया था, जिससे जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी।
कार्यक्रम में डॉ. विपिन जोशी, महामंडलेश्वर डॉ. ईश्वर दास जी महाराज, सुनील भगत जी, महायोगी जितानंद जी महाराज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।