प्रतिबंधित घाट में नहाना पड़ा भारी: गंगा में डूबा दिल्ली का 16 वर्षीय छात्र, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

ऋषिकेश/ 14 मई 2026
टिहरी गढ़वाल जनपद के मुनिकीरेती स्थित पांडु पत्थर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा नदी में नहाने गए चार दोस्तों में से एक 16 वर्षीय किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि लापता किशोर की पहचान आशीष कुमार (16) पुत्र ओम प्रकाश निवासी सागरपुर, जनकपुरी, नई दिल्ली के रूप में हुई है। आशीष कक्षा 11 का छात्र था और अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों दोस्त गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आशीष अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और तेज बहाव में बहने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन बहाव इतना तेज था कि कुछ ही पलों में वह पानी में ओझल हो गया।
बताया जा रहा है कि जहां यह हादसा हुआ, वह क्षेत्र प्रतिबंधित घाट के अंतर्गत आता है। वहां पहले से चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं, बावजूद इसके युवक नदी में उतर गए।
घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया। हालांकि रात होने और नदी में विजिबिलिटी लगभग शून्य होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। देर रात तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया। एसडीआरएफ टीम शुक्रवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू करेगी।
