संत रविदास के विचार आज भी समाज के लिए हैं पथप्रदर्शक: डॉ. अग्रवाल

ऋषिकेश। भारतीय जनता पार्टी जिला ऋषिकेश की ओर से समस्त संकल्प अभियान के अंतर्गत संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती की पूर्व संध्या पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को सत्य, समरसता और आंतरिक शुद्धता का मार्ग दिखाते हैं। उन्होंने संत रविदास के प्रसिद्ध वचन “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन का आधार उसकी भावना होती है और जैसी भावना होती है, वैसे ही ईश्वर के दर्शन होते हैं। उन्होंने संत रविदास के आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। मुख्य वक्ता दीपक धमीजा ने संत रविदास के जीवन, संघर्ष और समाज सुधार के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन एवं समापन जिला संयोजक देवदत्त शर्मा ने किया।
इस अवसर पर ऋषिकेश के मेयर शंभू पासवान, डोईवाला नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष आनंद सिंह, जिला महामंत्री दीवान सिंह रावत एवं प्रतीक कालिया, पूर्व दर्जाधारी संदीप गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष राजू शर्मा, महिला मोर्चा अध्यक्ष ममता नयाल, युवा मोर्चा जिला मंत्री पंकज थपलियाल, प्रदेश मंत्री कविता शाह, पार्षद मुस्कान, एससी मोर्चा मंडल अध्यक्ष राकेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में समरसता, एकता और सद्भाव को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

