Newsताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

नगर निगम में राष्ट्रभक्ति का रंग, उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान



ऋषिकेश।

तीर्थनगरी ऋषिकेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया गया। नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में महापौर शंभू पासवान ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से निगम परिसर गूंज उठा।
महापौर ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों से जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वच्छ, सुंदर और विकसित ऋषिकेश के निर्माण में जुटने का आह्वान किया।
समारोह में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले नगर निगम कर्मचारियों, पर्यावरण पर्यवेक्षकों और पर्यावरण मित्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। महापौर ने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में निगम कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में श्री गंगा सभा की टीम और नगर निगम कर्मियों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने माहौल को राष्ट्रप्रेम से भर दिया और उपस्थित लोगों ने तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर पार्षदों, निगम अधिकारियों-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के अंत में मिष्ठान वितरण किया गया तथा राष्ट्रहित, जनसेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।