Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

पीएम आवास योजना के वंचित परिवारों की शिकायतों की सुनवाई 25 और 27 अगस्त को



टिहरी गढ़वाल।

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत पात्रता सूची में नाम शामिल न होने, नाम हटाए जाने, प्राथमिकता क्रम तथा विकासखंड स्तर पर की गई कार्रवाई से असंतुष्ट लाभार्थियों को अपनी शिकायत और अपील रखने का अवसर दिया गया है। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर गठित जिलास्तरीय अपीलीय समिति 25 और 27 अगस्त 2026 को विकास भवन, टिहरी गढ़वाल में संबंधित मामलों की सुनवाई करेगी।
जिलास्तरीय अपीलीय समिति में परियोजना निदेशक, डीआरडीए ज्योति, जिला विकास अधिकारी/सहायक परियोजना निदेशक, डीआरडीए मोहम्मद असलम तथा गैर-सरकारी सदस्य के रूप में प्रमुख क्षेत्र पंचायत चम्बा सुमन सजवाण को शामिल किया गया है। विकासखंड स्तर पर निस्तारण से असंतुष्ट अथवा योजना की पात्रता सूची से हटाए गए लाभार्थी समिति के समक्ष अपनी शिकायत या अपील प्रस्तुत कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार, आवास प्लस सर्वे-2024 में टिहरी गढ़वाल जिले में कुल 7,593 परिवारों का चिन्हांकन हुआ है। ग्राम सभा के प्रस्ताव के आधार पर 7,336 पात्र लाभार्थियों को पीडब्ल्यूएल में शामिल किया गया है, जबकि 230 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं। ग्राम सभा के निर्णय के आधार पर प्राप्त चार आपत्तियों का निस्तारण किया जा चुका है।
वहीं, ऐप के माध्यम से अयोग्य पाए गए 1,896 लाभार्थियों के मामलों में 316 आपत्तियां प्राप्त हुईं, जिनका निस्तारण किया जा चुका है। इनमें से 303 लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के निर्धारित मानकों के अनुसार पात्रता की श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इसके अलावा सर्वे में छूटे 1,681 लाभार्थियों का विवरण भी उपलब्ध है।
प्रशासन ने संबंधित लाभार्थियों से निर्धारित तिथियों पर स्वयं उपस्थित होकर अपनी शिकायत अथवा अपील समिति के समक्ष प्रस्तुत करने की अपील की है। लाभार्थियों को अपने पक्ष के समर्थन में उपलब्ध आवश्यक अभिलेख और दस्तावेज भी साथ लाने को कहा गया है।