विधानसभा अध्यक्ष ने राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश के एनसीसी को दिया 1 लाख 70 हजार का चेक।

ऋषिकेश, संजय राजपूत। जनसंघ के संस्थापक स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर आज माननीय अध्यक्ष विधानसभा श्री प्रेमचंद अग्रवाल ने राष्ट्र की सेवा के लिए अपना योगदान देने के लिए तत्पर एनसीसी के युवाओं को प्रेरित करने के लिए तथा उनकी तैयारी में आने वाली समस्याओं को दूर करने के लिए राजकीय महाविद्यालय ऋषिकेश में एन.सी.सी कैप्टन सतेंद्र कुमार को 170000 का चेक सौंपा। इस अवसर पर बोलते हुए माननीय अध्यक्ष जी ने कहा कि ऋषिकेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या उनकी अपनी समस्या है और वह यथासंभव उनकी मदद करने का प्रयास करेंगे उन्होंने कहा कि हम त्याग और तपस्या कि उस पृष्ठभूमि से निकले हुए लोग हैं जिसकी नींव स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने जनसंघ के रूप में रखी थी।।उन्होंने बताया कि मात्र 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर पद को सुशोभित करने वाले डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने यश और वैभव के जीवन को त्याग कर समाज की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया तथा उनका एक ही नारा था एक प्रधान एक निशान और एक संविधान। श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने केंद्रीय मंत्रालय को त्याग करके कश्मीर तथा भारत की अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। तत्कालीन भारत सरकार को स्पष्ट रूप से बता दिया की कश्मीर जाने के लिए मैं कोई परमिट नहीं लूंगा। वह भारत का अभिन्न अंग है और मैं वहां जाने के लिए स्वतंत्र हूं। स्वर्गीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का वह सपना भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 और 35a को हटाकर पूरा किया। इस अवसर पर बोलते हुए महाविद्यालय के रसायन विज्ञान के प्रवक्ता डॉ दयाधर दीक्षित ने कहा की डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग और बलिदान का प्रतीक है और भारत के धन वैभव और संपदा कि नहीं बल्कि त्याग की पूजा होती है। समाज के लिए त्याग करने वालों को हमेशा स्मरण करना चाहिए। जो समाज ऐसे महापुरुषों को याद नहीं करता वह समाप्त हो जाता है। इस अवसर महाविद्यालय के एनसीसी कैप्टन डॉ० सत्येंद्र कुमार ने कहा कि अध्यक्ष जी द्वारा दी गई राशि से एनसीसी का उत्तरोत्तर विकास होगा तथा आरडीसी परेड में जाने वालों को छात्र-छात्राओं की संख्या में वृद्धि होगी उन्होंने बताया कि एनसीसी के छात्र महाविद्यालय और ऋषिकेश ही नहीं बल्कि प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। अध्यक्ष के रूप में बोलते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर पंकज पंत ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिभा इतनी बलवती थी कि स्वयं भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनके प्रश्नों का उत्तर देना कठिन होता था। उन्होंने बताया कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। इस अवसर पर आर.डी.सी परेड के लिये चयनित एनसीसी के कैडेट दीपक कुमार, सुमन शर्मा सहित कौशल बिजल्वाण, ताजेन्द्र नेगी, संजय गुप्ता, शिव कुुुमार गौतम, दिनेश सती सहित ऋषिकेश के अन्य सम्मानित जन उपस्थित थे।
