आज तीसरे दिन भी चला अतिक्रमणकारियों पर जेसीबी का पंजा, दुकानदारों में दुख एवं आक्रोश व्याप्त।।।
दिनांक 17 अक्टूबर ऋषिकेश- आज तीसरे दिन शनिवार को भी हाईकोर्ट के आदेश पर करीब 40 50 वर्ष पुराने दुकानदारों पर अतिक्रमण की कारवाई जारी रही।

आज भी दिनभर राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर बने खोखे ध्वस्त किए गये। ज्ञात हो कि पहले भी लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला की ओर से इन दुकानदारों को नोटिस भेजा गया था।जेसीबी द्वारा अतिक्रमण ध्वस्त करने से पहले ही अधिकांश खोखा एवं दुकान स्वामी अपनी दुकानों का सामान समेटने में जुटे रहे। कार्यवाही के दौरान दुकानदार काफी चिंतित और बेबस दिखाई दिए। दुकानदारों ने बताया कि पहले नोटबंदी फिर जीएसटी तथा अब कोरोना ने पहले से ही सबको खोकला कर दिया है। उसके ऊपर से दुकानदारों की एकमात्र कमाई के साधन हमारी दुकानों को तोड़ दिया गया।
आज भी पुलिसबल की मौजूदगी में जयराम आश्रम चौराहे से पंडित दीनदयाल पार्क के सामने तक के खोखा और अन्य पक्के निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। उक्त कार्यवाही के बाद हरिद्वार रोड पर कोयलघाटी तक 40 चिन्हित अतिक्रमणकारियों पर और कार्रवाई होनी है। जिसके बाद पेड़ों का कटान एवं सड़कों का चौड़ीकरण भी किया जाना है। इन सबके बीच त्योहारों की दस्तक के बीच प्रशासन द्वारा अतिक्रमणकारियों पर की गई कार्रवाई को लेकर जहां शहर के व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है वहीं दूसरी ओर कोरोनाकाल के बीच व्यापार उजाड़ने की परेशानी खोखा व दुकान स्वामियों के चेहरेपर साफ तौर पर देखी जा सकती है।

