अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर औचक निरीक्षण, कई जगह खामियां मिलने पर मशीनें सील

हरिद्वार, 4 अप्रैल।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह के निर्देश पर पीसीपीएनडीटी निरीक्षण टीम ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान लाइफ अल्ट्रासाउंड केंद्र, मंगलौर में अभिलेखों की जांच की गई, जिसमें फॉर्म-एफ, रेफरल अभिलेख आदि का परीक्षण किया गया। केंद्र में स्थापित दो अल्ट्रासाउंड मशीनों में से एक मशीन क्रियाशील नहीं पाई गई। दुरुपयोग की आशंका को देखते हुए टीम ने उसे तत्काल सील कर दिया। इस दौरान केंद्र में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राज़ी अहमद उपस्थित पाए गए।
इसी क्रम में मेगा सिटी हॉस्पिटल, झबरेड़ा का भी निरीक्षण किया गया। यहां अल्ट्रासाउंड कार्य के लिए चिकित्सक की नियुक्ति नहीं होने के कारण अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया गया। साथ ही अस्पताल की अन्य व्यवस्थाएं जैसे ओपीडी कक्ष, ओटी और वार्ड आदि का भी निरीक्षण किया गया।
टीम ने लाइफ केयर अल्ट्रासाउंड केंद्र, मंगलौर का भी निरीक्षण किया, जहां केंद्र प्रबंधक और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राहुल रॉय द्वारा अधिनियम के अनुसार अभिलेखों का सही रख-रखाव नहीं पाया गया। फॉर्म-एफ, रेफरल लेटर और अल्ट्रासाउंड रजिस्टर में खामियां मिलने पर केंद्र को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्णय लिया गया है। इसकी रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जाएगी।
इसके अतिरिक्त नवीन पंजीकरण के लिए सेवा डायग्नोस्टिक, लंढौरा, आस्था अल्ट्रासाउंड केंद्र भगवानपुर और मेट्रो स्टार हॉस्पिटल भगवानपुर का भी निरीक्षण किया गया। इन सभी केंद्रों को रेडियोलॉजिस्ट के कार्यालय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी में भौतिक सत्यापन और शपथ पत्र देने के बाद ही आगे की पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि अल्ट्रासाउंड केंद्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता की लगातार जांच की जा रही है। जहां भी कमी या अनियमितता मिलेगी, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण दल में जिला समन्वयक रवि संदल, कुलदीप बिष्ट सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

