Newsउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

ऋषिकेश: चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियां तेज, 19 अप्रैल से होगा शुभारंभ


Lok Kesari News

ऋषिकेश। 15 अप्रैल 2026

उत्तराखण्ड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का शुभारंभ 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर होगा। यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल ने ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बैठक के उपरांत जिलाधिकारी ने ट्रांजिट कैंप स्थित पंजीकरण कक्ष एवं परिसर का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्यटन विभाग को पंजीकरण काउंटर बढ़ाने एवं मोबाइल टीमों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। वर्तमान में ट्रांजिट कैंप में 24 तथा आईएसबीटी में 6 पंजीकरण काउंटर स्थापित किए गए हैं।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि पंजीकरण के लिए 30 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 25 टीमें दिन में और 5 टीमें रात्रि में होटल, धर्मशाला एवं सरायों में ठहरे यात्रियों का पंजीकरण करेंगी। जिले में यात्रियों के ठहराव के लिए धर्मशालाओं, आश्रमों एवं सरायों में करीब 7100 बेड चिन्हित किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में बड़ी स्क्रीन लगाकर होटल एवं धर्मशालाओं की उपलब्धता और संपर्क नंबरों की जानकारी प्रदर्शित की जाए। साथ ही फ्लेक्सी के माध्यम से भी सूचना प्रसारित करने को कहा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने ट्रांजिट कैंप में 24×7 इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम संचालित करने के निर्देश दिए, जिसमें सभी विभागों के कार्मिकों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अलग-अलग कंट्रोल रूम भी स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा यात्री सहायता केंद्र भी संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर जिलाधिकारी ने ऋषिकेश एवं हरबर्टपुर में 24×7 मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कुल 6 मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जिनमें 3-3 टीमें दोनों स्थानों पर रहेंगी।
जिलाधिकारी ने यात्रियों के लिए ट्रांजिट कैंप में निःशुल्क चाय-नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस कार्य में स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेने को भी कहा गया है।
पेयजल निगम द्वारा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण न करने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए यात्रा सीजन तक सभी कार्य अनुमतियां निरस्त कर दीं और सड़कों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी एवं एनएच के अधिकारियों को ब्लैक स्पॉट्स को समयबद्ध ढंग से ठीक करने के निर्देश दिए गए।
सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ऋषिकेश को जिला योजना से 50 लाख रुपये की धनराशि मौके पर ही स्वीकृत की गई। जिलाधिकारी ने फॉगिंग एवं सफाई के लिए पर्याप्त कार्मिक तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैंप में सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वाली फर्म को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण जया बलूनी, नगर आयुक्त गोपालराम बिनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।