Newsउत्तराखंडक्राइम न्यूज़ताजा खबरताज़ा ख़बरेंरुड़कीहरिद्वार

लक्सर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, हत्यारोपी गिरफ्तार

Lok Kesari News

हरिद्वार/ 15 अप्रैल 2026

हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में हुए सेवादार ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, बीते रविवार को कोतवाली लक्सर क्षेत्र के भोगपुर स्थित एक मंदिर में रहकर देखभाल करने वाले बुजुर्ग सेवादार राजवीर की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। बीते दिन मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी विशाल चौधरी पुत्र परविन्दर कुमार निवासी अलमासपुर, कुंज विहार कॉलोनी, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और घटना वाले दिन चोरी के इरादे से मंदिर में घुसा था। इसी दौरान सेवादार ने उसे ताला तोड़ते हुए देख लिया और शोर मचाने लगा। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने अपने पास मौजूद हथौड़ी से वार कर बुजुर्ग को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।