Newsउत्तराखंडकाशीपुरताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

किच्छा में बन रहे सैटेलाइट एम्स का मुख्य सचिव ने किया निरीक्षण, जुलाई तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

Lok Kesari News
किच्छा (उधम सिंह नगर)। 16 अप्रैल 2026

प्रदेश के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को किच्छा में ₹351 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन 280 बेड के सैटेलाइट एम्स का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित एजेंसियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सीपीडब्ल्यूडी के अभियंताओं को निर्देशित किया कि श्रमिकों की संख्या और संसाधन बढ़ाकर कार्य को त्वरित गति से पूरा किया जाए, ताकि चिकित्सालय का निर्माण जुलाई माह तक हर हाल में पूर्ण हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन निर्माण कार्य प्राथमिकता पर किए जाएं, जिससे अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं शुरू की जा सकें।
निरीक्षण के दौरान सीपीडब्ल्यूडी के अभियंता उत्पल त्रिपाठी ने बताया कि अस्पताल का मुख्य निर्माण कार्य 30 जुलाई तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि आवासीय भवनों का कार्य 85 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है और शेष कार्य मई तक पूर्ण कर लिया जाएगा। अस्पताल परिसर की सड़कों का निर्माण भी मई तक पूरा कर लिया जाएगा, जबकि जून में हरित पट्टी एवं पौधरोपण का कार्य किया जाएगा।
प्रस्तावित सैटेलाइट एम्स में 250 बेड, 10 ऑपरेशन थिएटर, 30 आईसीयू बेड के साथ अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसमें डायग्नोसिस एवं लैब, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक विभाग के साथ इमरजेंसी एवं ट्रॉमा सेंटर भी शामिल होगा। साथ ही मरीजों और तीमारदारों की सुविधा के लिए सराय और शॉपिंग कॉम्पलेक्स का भी निर्माण किया जा रहा है।
AIIMS Rishikesh की निदेशक प्रो. मीनू सिंह ने बताया कि यदि निर्माण कार्य जुलाई में विभाग को हस्तांतरित हो जाता है, तो अगस्त माह से ओपीडी सेवाएं प्रारंभ कर दी जाएंगी।
अधीक्षण अभियंता सिंचाई ने बताया कि एम्स परिसर के हाईवे साइड स्थित तीन एप्रोच गेट पर जुलाई से पहले नाला निर्माण एवं पुलिया निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आवागमन सुगम हो सकेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव एवं मंडलायुक्त दीपक रावत ने परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।