Newsउत्तराखंडताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

चारधाम यात्रा से पहले परिवहन विभाग की सख्ती, 112 वाहनों के चालान

ऋषिकेश/ 10 अप्रैल 2026

ऋषिकेश। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में परिवहन व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह प्रातः 5 बजे से शुरू हुए इस अभियान में अवैध रूप से शहर के विभिन्न स्थानों और आईएसबीटी ऋषिकेश के बाहर से अनधिकृत रूप से सवारी भरने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान में परिवहन विभाग की चार बाइक स्क्वॉड, इंटरसेप्टर दल और प्रवर्तन टीम ने संयुक्त रूप से भाग लिया। टीमों ने शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर वाहनों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
जांच के दौरान 112 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 22 वाहनों को नियमों के उल्लंघन पर कार्यालय में निरुद्ध किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से चलाया गया है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि अनधिकृत रूप से सवारी भरने, बिना परमिट संचालन और नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।