महिलाओं द्वारा स्वनिर्मित पहाड़ी ऑर्गेनिक उत्पादों का प्रदर्शन आत्मनिर्भरता और स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल: सुबोध उनियाल

ऋषिकेश/ 10 अप्रैल 2026
देवभूमि माँ गंगे चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 14 बीघा रामलीला मैदान में छठा वार्षिक उत्सव भव्य रूप से आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं के सशक्तिकरण और सांस्कृतिक संरक्षण के क्षेत्र में ट्रस्ट के पाँच वर्षों के कार्यों को समर्पित रहा। कार्यक्रम की थीम “देवभूमि की विरासत: पर्वत की बेटियाँ” रखी गई थी।
कार्यक्रम में उत्तराखंड के वन एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रामलीला मैदान, 14 बीघा में देवभूमि माँ गंगा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह 2026 में सम्मिलित होकर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पहाड़ी आर्गेनिक स्टॉलों का अवलोकन किया।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ समाज में एकता, जागरूकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। विशेष रूप से महिलाओं द्वारा स्वनिर्मित पहाड़ी ऑर्गेनिक उत्पादों का प्रदर्शन आत्मनिर्भरता और स्थानीय प्रतिभा को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (मधुमक्खी पालन) गिरीश डोभाल, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री अशोक कुमार यादव तथा राज्य आंदोलनकारी सम्मान मंच के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल सहित क्षेत्र के कई सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान “हमारी संस्कृति, हमारी पहचान” उप-थीम के अंतर्गत मेहंदी, पेंटिंग, रंगोली, नृत्य, कीर्तन समूह प्रस्तुति, योग और फैशन शो जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों ने अपने द्वारा तैयार किए गए ऑर्गेनिक पहाड़ी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई, जबकि ढालवाला स्थित भारतीय ग्रामोत्थान संस्थान ने हैंडलूम और रेशम उत्पादों का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में वॉइस ऑफ उत्तराखंड के कलाकार लेखराज भंडारी, राठौर और भटनागर के साथ लोकगायक पदम गुसाईं तथा धूम सिंह रावत की टीम ने उत्तराखंड के लोकगीतों की शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष योगेश उनियाल ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और पाक परंपराओं को जीवित रखने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उपस्थित अतिथियों ने ट्रस्ट से महिलाओं की भागीदारी को और व्यापक बनाने तथा भविष्य में और बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सूर्यचंद्र सिंह चौहान, दीपा भट्ट, उर्मिला ममगाई, अंशुल जोशी सहित अन्य सहयोगियों ने किया। ट्रस्ट की संस्थापक अध्यक्ष रीना उनियाल और सचिव अमिता उनियाल ने अतिथियों का पारंपरिक अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पमालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, मुनिकीरेती प्रेस क्लब के अध्यक्ष सूर्यचंद्र सिंह चौहान, महासचिव संजय बडोला, शैलेश सेमवाल, सुनील भगत, अजय बिजल्वाण सहित ट्रस्ट की सदस्य ममता नेगी, बबीता सकलानी, अनीता तिवारी, लक्ष्मी सेमवाल, सोनिया राज, उषा जोशी, रेखा चौबे समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

