Newsताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनशिक्षा जगत

छात्र संसद एवं कन्या भारती के शपथ ग्रहण समारोह में 201 विद्यार्थियों ने ली शपथ


विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है” : डोमेश्वर साहू

ऋषिकेश।9 मई 2026

विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश में छात्र संसद एवं कन्या भारती के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सत्र 2025-26 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 11 मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डोमेश्वर साहू उपस्थित रहे। उनके साथ विनोद रावत, शंभू पासवान, माधवी गुप्ता, विद्यालय प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय तथा प्रधानाचार्य उमाकांत पंत मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का बेज अलंकरण, टोपी एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 12 के छात्र यश नारंग ने देश-विदेश के प्रमुख समाचारों का बुलेटिन प्रस्तुत किया। इसके बाद सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से 11 मेरिट होल्डर विद्यार्थियों को पटका पहनाकर एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में डोमेश्वर साहू ने कहा कि “विद्याभारती केवल शिक्षा नहीं, संस्कारों की साधना है। संस्था का उद्देश्य राष्ट्रभक्त, संस्कारित एवं चरित्रवान नागरिक तैयार करना है।” उन्होंने विद्यार्थियों को नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भाव को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
मेयर शंभू पासवान एवं पार्षद माधवी गुप्ता ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं विद्यालय प्रबंधक प्रो. गौरव वार्ष्णेय एवं प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों को शिक्षकों के परिश्रम, अभिभावकों के विश्वास एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
विद्यालय में विद्यार्थियों के नेतृत्व विकास, अनुशासन एवं सेवा भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से छात्र संसद एवं कन्या भारती का गठन किया गया। इसी क्रम में नवनियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
छात्र संसद में प्रधानमंत्री पद पर विनय कुमार, सेनापति पद पर लोकेश पंत तथा छात्र न्यायाधीश पद पर गौरव तिवारी ने शपथ ग्रहण की। वहीं कन्या भारती में प्रमुख पद पर प्रिया भट्ट, अनुशासन प्रमुख मोनालिका शर्मा एवं सेनापति संध्या सहित कुल 201 छात्र-छात्राओं ने शपथ ली।
विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि छात्र संसद एवं कन्या भारती जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम में रामगोपाल रतूड़ी ने अतिथियों का परिचय कराया तथा संचालन रजनी गर्ग ने किया। इस अवसर पर पूनम अनेजा, वीरेन्द्र कंसवाल, सतीश चौहान, रविन्द्र सिंह परमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।