जलभराव से राहत की पहल: महापौर शम्भू पासवान ने नाली निर्माण हेतु भेजा प्रस्ताव

ऋषिकेश/ 2अप्रैल 2026
ऋषिकेश: नगर निगम ऋषिकेश के वार्ड संख्या 35, 36 और 37 में हर साल बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महापौर शम्भू पासवान ने शासन स्तर पर पहल शुरू कर दी है। इस संबंध में महापौर ने उत्तराखण्ड शासन के आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव को पत्र भेजकर नाली निर्माण के लिए विशेष धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया है।
महापौर ने पत्र में बताया कि इन वार्डों में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बरसात के समय कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। कई बार लोगों के घरों में पानी घुस जाता है, जिससे घरेलू सामान को नुकसान होता है और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़कों पर गंदा पानी जमा होने से बच्चों और बुजुर्गों का आना-जाना भी मुश्किल हो जाता है। साथ ही गंदे पानी के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
महापौर ने बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए नाली निर्माण की एक योजना तैयार की गई है, जिसकी कुल लागत लगभग 1.80 करोड़ रुपये आंकी गई है। नगर निगम अपने सीमित संसाधनों से 50 लाख रुपये देने को तैयार है, जबकि बाकी 1.30 करोड़ रुपये की मांग आपदा प्रबंधन विभाग से की गई है।
महापौर शम्भू पासवान ने शासन से जल्द धनराशि स्वीकृत करने की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर मंजूरी मिल जाती है तो आगामी मानसून से पहले ही निर्माण कार्य पूरा कर क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाई जा सकेगी।

