तपोवन में कैफे में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

ऋषिकेश/11 अप्रैल 2026
तपोवन क्षेत्र में डिवाइन होटल के पास रविवार दोपहर एक कैफे में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में कैफे का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना में कैफे संचालक को करीब 5 से 6 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
मुनि की रेती थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह चौहान के अनुसार रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे कैफे के अंदर इंडक्शन कुकटॉप चालू करते समय शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारी निकलते ही आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में पूरे कैफे को अपनी चपेट में ले लिया।
आग में एक फ्रिज, तीन कमर्शियल गैस सिलेंडर और दो घरेलू गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि सभी गैस सिलेंडर खाली थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया गया कि कैफे कृष्णा बाघम द्वारा तपोवन में किराए के भवन में संचालित किया जा रहा था। आगामी चारधाम यात्रा सीजन को देखते हुए हाल ही में कैफे में नया सामान रखा गया था।
घटना की सूचना पर मुनि की रेती थाना पुलिस ने नरेंद्र नगर से फायर ब्रिगेड को रवाना किया, लेकिन लक्ष्मण झूला मोटर मार्ग पर वीकेंड के भारी ट्रैफिक जाम के कारण दमकल वाहन को मौके तक पहुंचने में देरी हुई।
इस बीच स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए डिवाइन होटल के सबमर्सिबल पंप की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया और काफी हद तक आग को नियंत्रित कर लिया। बाद में पहुंची फायर ब्रिगेड ने शेष आग बुझाकर स्थिति को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया।

