ऑपरेशन प्रहार : लक्ष्मणझूला व कोटद्वार में पुलिस की सख्ती, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले 7 पर कार्रवाई

पौड़ी/ 11 अप्रैल 2026
लक्ष्मणझूला। जनपद पौड़ी में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति को सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सघन चेकिंग अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देश पर पुलिस टीमों द्वारा होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार चेकिंग की जा रही है।
इसी क्रम में थाना लक्ष्मणझूला और कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग कर लोक शांति भंग करने वाले 7 व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले 17 अन्य लोगों के विरुद्ध भी लक्ष्मणझूला पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर चालानी कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर शांति भंग न करें और नियमों का पालन करें।

