News

देश में पेट्रोल-डीजल और गैस की कोई कमी नहीं: पेट्रोलियम मंत्रालय

नई दिल्ली।30 मार्च 2026

देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और पीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। यह जानकारी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा ईंधन की आपूर्ति बनाए रखने के लिए विभिन्न स्तरों पर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। देश की सभी रिफाइनरियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं और कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध है। हालांकि कुछ स्थानों पर लोगों द्वारा घबराहट में अधिक खरीदारी करने की खबरें मिली हैं, लेकिन अधिकांश पेट्रोल पंप और रिटेल आउटलेट सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं।
सुजाता शर्मा ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध है और आपूर्ति बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह सतर्क है। आम लोगों को राहत देने के लिए सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की दर से उत्पाद शुल्क में कमी भी की है, जिससे कीमतों को नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि देश में डीजल की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने इसके निर्यात पर भी शुल्क लगाया है, ताकि घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके।
प्राकृतिक गैस के संबंध में उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं और सीएनजी परिवहन क्षेत्र को 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है, जबकि गैस ग्रिड से जुड़े उद्योगों को लगभग 80 प्रतिशत आपूर्ति दी जा रही है। मंत्रालय ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में ईंधन की खरीदारी न करें।