देहरादून में फायरिंग की घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत

देहरादून। 30 मार्च 2026
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह हुई फायरिंग की घटना में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक रिटायर्ड सेना अधिकारी की मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना मसूरी रोड क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां दो कारों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से यह हादसा हुआ।
पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह लगभग 6:45 से 7 बजे के बीच मसूरी रोड पर दो वाहनों में सवार लोगों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर कहासुनी होने की सूचना है। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद एक वाहन में सवार व्यक्तियों ने दूसरी कार को रोकने की कोशिश में उसके टायरों की दिशा में फायरिंग की। इसी दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे लगभग 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल अधिकारी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान एक कार अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दौरान वाहन में सवार कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी तथा राजपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और घटना में शामिल व्यक्तियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

