देहरादून में साहित्य का सम्मान: मुख्यमंत्री धामी ने साहित्यकारों को किया सम्मानित

देहरादून | 30 मार्च 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह-2025 में प्रदेश के प्रमुख साहित्यकारों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर डॉ. जितेन ठाकुर को उत्तराखंड का सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान “उत्तराखंड साहित्य भूषण सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्री श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, श्री केसर सिंह राय और श्री अताए साबिर अफजल मंगलौरी को “उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
समारोह में विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले साहित्यकारों, युवा कलमकार प्रतियोगिता के विजेताओं, साहित्य नारी वंदन सम्मान, उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार तथा कुमाऊंनी और गढ़वाली साहित्य के लिए चयनित प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान” प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक परंपरा, लोकसंस्कृति और रचनात्मक प्रतिभा को सम्मान देने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार साहित्य, भाषा और लोकसंस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।
इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर सहित बड़ी संख्या में साहित्यकार, लेखक, पत्रकार और साहित्य प्रेमी मौजूद रहे।

