Newsउत्तराखंडटॉप स्टोरीजताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादूनप्रमुख कार्यक्रम

प्रदेश के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘वंदे मातरम्’ का दैनिक गायन होगा अनिवार्य

देहरादून। 11अप्रैल 2026

प्रदेश के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। विद्यालयी शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर कार्यक्रमों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है।
विभाग के अनुसार इस अवसर पर विद्यालयों में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से छात्र-छात्राओं को डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और उनके योगदान से परिचित कराया जाएगा। कार्यक्रमों के तहत भाषण, निबंध, पोस्टर निर्माण, नाटक, गायन और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
विद्यालयों में डॉ. अंबेडकर के जीवन, सामाजिक समानता, न्याय, मानवाधिकार और भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी भूमिका पर विशेष चर्चा भी आयोजित की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा मिल सके।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि अंबेडकर जयंती मनाने का उद्देश्य केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को डॉ. अंबेडकर के विचारों और मूल्यों से जोड़ना है। इससे छात्रों में समाज के प्रति सकारात्मक सोच और जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।
वंदे मातरम् का दैनिक गायन अनिवार्य
शिक्षा मंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों में अब प्रतिदिन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और यूजीसी के निर्देशों के अनुरूप लिया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना है।