News

रायवाला में आयोजित स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम में डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की शिरकत


ऋषिकेश, रायवाला :21 मार्च 2026

रायवाला में आयोजित स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम में ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को माल्यार्पण कर, गुलदस्ते भेंट कर एवं मुंह मीठा कराकर उनका सम्मान किया। उन्होंने सभी को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में प्रत्येक पदाधिकारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ करना चाहिए।

अपने संबोधन में डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति, सिद्धांत एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करना ही सच्ची सेवा है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करें तथा आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ कार्य करें।

डॉ. अग्रवाल ने यह भी कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं और उनके परिश्रम एवं समर्पण से ही संगठन निरंतर आगे बढ़ता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

इस अवसर पर युवा मोर्चा जिला महामंत्री कौशल बिजल्वाण,किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सोबन सिंह कैंतुरा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मी गुरुंग, महिला मोर्चा जिला कार्यकारिणी सदस्य शमा पवार, अंजू बडोला, युवा मोर्चा जिला सोशल मीडिया संयोजक अक्षर लाखेड़ा, युवा मोर्चा जिला आईटी संयोजक हिमांशु सिलस्वाल, महिला मोर्चा जिला कोषाध्यक्ष लक्ष्मी जुगरान, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह बिष्ट, सतपाल सैनी, गणेश रावत, बिना बंगवाल, अजय शाहू एवं बलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।