प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर देहरादून में हाई अलर्ट, मुख्य सचिव व डीजीपी ने परखी तैयारियाँ

देहरादून। 11अप्रैल 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखण्ड दौरे को लेकर शासन-प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन और पुलिस महानिदेशक श्री दीपम सेठ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्य सचिव एवं डीजीपी ने डाट काली मंदिर से महिंद्रा ग्राउंड, गढ़ी कैंट तक व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए और किसी भी प्रकार की चूक न हो।
उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत और ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए, ताकि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो और कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली-एनसीआर से देहरादून की दूरी और यात्रा समय में काफी कमी आएगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ चारधाम यात्रा की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
इस अवसर पर सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, नगर आयुक्त श्रीमती नमामी बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

