ऋषिकेश पहुंचे बद्रीनाथ धाम के गाडू घड़ा कलश, डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने किया स्वागत

ऋषिकेश। बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने से पूर्व आयोजित होने वाली ऐतिहासिक एवं पारंपरिक तेल कलश (गाडू घड़ा) यात्रा के ऋषिकेश पहुंचने पर क्षेत्रीय विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सहभागिता कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से भेंट की तथा परमपूज्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का आशीर्वाद प्राप्त किया।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गाडू घड़ा यात्रा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। इस परंपरा के तहत नरेंद्र नगर राजमहल से टिहरी की महारानी के मार्गदर्शन में रानी सहित सुहागिन महिलाएं तिलों का पवित्र तेल लेकर बद्रीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करती हैं। यह तेल भगवान बद्री विशाल के अभिषेक के लिए उपयोग में लाया जाता है, जिससे आगामी छह माह तक नियमित पूजा-अर्चना संपन्न होती है।
उन्होंने बताया कि इस पवित्र यात्रा की शुरुआत राजमहल नरेंद्र नगर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना और तिलों के तेल के संग्रहण से होती है। इसके बाद यह कलश यात्रा विभिन्न पड़ावों से गुजरते हुए बद्रीनाथ धाम पहुंचती है, जहां कपाट खुलने के बाद भगवान बद्री विशाल का अभिषेक इसी तेल से किया जाता है।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि गाडू घड़ा यात्रा उत्तराखंड की समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है, जो समाज में आस्था, श्रद्धा और एकता का संदेश देती है। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए सभी श्रद्धालुओं को इस पावन अवसर की शुभकामनाएं दीं।

