NewsPostउत्तराखंडक्राइम न्यूज़ताजा खबरताज़ा ख़बरेंदेहरादून

ऑपरेशन प्रहार: पुलिस पर फायरिंग करने वाला अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार


ऋषिकेश। उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऋषिकेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरियाणा के एक अंतरराज्यीय वाहन चोर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने भागने के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार देर रात जंगलात बैरियर पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देकर उसका पीछा शुरू कर दिया।
भागते समय आरोपी की कार काली मंदिर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पिलर से टकरा गई। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भागने लगा और पीछा करने पर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। हालांकि पुलिस ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान (22) निवासी नूंह, हरियाणा के रूप में हुई है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार तथा कार की असली नंबर प्लेट बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर एक माह पूर्व ऋषिकेश क्षेत्र में डंपर चोरी की थी और दोबारा वारदात के लिए रैकी करने आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109/340 बीएनएस व 3/5 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसके फरार साथी की तलाश शुरू कर दी है।