News

ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल

देहरादून / 3अप्रेल2026

ऋषिकेश में दिव्यांगजनों के लिए बनेगा आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल
ऋषिकेश। जनपद देहरादून में दिव्यांगजनों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में ऋषिकेश क्षेत्र में दिव्यांगजनों के लिए एक आधुनिक इंडोर बैडमिंटन हॉल का निर्माण कराया जा रहा है। राज्य में पहली बार दिव्यांगजनों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह सुविधा विकसित की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा इसके लिए भूमि चयनित कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। परियोजना की कुल लागत 62.67 लाख रुपये आंकी गई है। जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) मद से नगर निगम ऋषिकेश को प्रथम किस्त के रूप में 25.41 लाख रुपये की धनराशि पूर्व में जारी की जा चुकी है, जिससे निर्माण कार्य प्रारंभ हो गया है। वहीं शेष 37.26 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि को भी जिलाधिकारी ने स्वीकृति प्रदान कर दी है।
जिला प्रशासन की इस पहल से दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त होगा। इससे छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आएंगी और खिलाड़ी राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकेंगे।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि दिव्यांगजनों के लिए बुनियादी सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकता में है। यह इंडोर बैडमिंटन हॉल उनके शारीरिक विकास और स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के साथ ही उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए, ताकि दिव्यांगजनों को जल्द इस सुविधा का लाभ मिल सके।