त्रिवेणी घाट पर गंगा में बह रहे युवक को जल पुलिस व आपदा राहत दल ने बचाया

ऋषिकेश। 3 अप्रैल 2026
त्रिवेणी घाट पर गंगा में बह रहे एक युवक को जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धनगढ़ी पोस्ट पथरिया, जिला कैलाश (नेपाल) निवासी 22 वर्षीय राम चौधरी पुत्र रविंद्र चौधरी गंगा में तैरते समय अचानक बहने लगा। खुद को बहता देख युवक ने मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया।
युवक की चीख-पुकार सुनकर त्रिवेणी घाट पर तैनात जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवान तुरंत सक्रिय हो गए। टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान चलाया और गंगा में बह रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद युवक पूरी तरह सुरक्षित है। अपनी जान बचाने के लिए राम चौधरी ने जल पुलिस और आपदा राहत दल के जवानों का आभार व्यक्त किया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी जवानों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
बचाव दल में मुख्य आरक्षी चैतन्य कुमार, मुख्य आरक्षी हरीश गुसाईं, गोताखोर विनोद सेमवाल तथा आपदा राहत दल के मुख्य आरक्षी वीरेंद्र कुमार और आरक्षी विनोद बिष्ट शामिल रहे।

